चीज़ छोड़ना इतना मुश्किल क्यों होता है?

यह फोटो Wagner Vilas द्वारा Unsplash पर ली गई है।

“मैं चीज़ कभी नहीं छोड़ सकता।” यह वाक्यांश हम कई बार सुन चुके हैं और यह बात कई लोग कहते भी हैं, लेकिन चीज़ का यह चंगुल आखिर है क्या जिसमें हम फंसे हुए हैं?! आइए, इस बहुत अधिक मात्रा में प्रोसेस किए गए खाने के हम पर पड़ने वाले कुछ शारीरिक और भावनात्मक प्रभावों की छानबीन करते हैं और खुलासा करते हैं कि चीज़ की लालसा को हमेशा के लिए कैसे मात दी जा सकती है।

चीज़ के तीन हानिकारक तत्व 

चीज़ में तीन तत्व हैं जो चीज़ न खाने के हमारे मज़बूत इरादों पर पानी फेर देते हैं। पहला है हाई सैच्युरेटेड फैट तत्व, जो आँतों को प्रभावित करता है जिसके कारण हमारी चीज़ खाने की इच्छा बढ़ती जाती है।

इतना ही नहीं, अधिकांश चीज़ में नमक की मात्रा बहुत ज़्यादा होती है, जिससे यह बेहद स्वादिष्ट बन जाता है। ब्रिटिश हार्ड चीज़ में औसत नमक की मात्रा प्रति 100 ग्राम में दो ग्राम, या रोज की जो अधिकतम सीमा तय की गई है उसका एक तिहाई है। अमेरिकी चीज़ के सिर्फ एक टुकड़े में ही पूरे दिन की अनुमेय अधिकतम सोडियम मात्रा का 21% होता है।

चीज़ का तीसरा उपद्रवी तत्व है कैसीन, हमारा शरीर उसे तोड़कर कैसोमोर्फिन में बदल देता है – जो एक प्रकार का नशीला तत्व है। 

चीज़ का हमारे मस्तिष्क और शरीर पर क्या प्रभाव पड़ता है

जब भी हम चीज़ जैसे वसायुक्त और नमकीन पदार्थ खाते हैं, तो हमारे मस्तिष्क के रिवॉर्ड सेंटर से डोपामाइन का स्राव होता है। जब मनुष्य गर्म जलवायु में रहता था और उसे ज़रूरी कैलोरी और नमक मिलना आसान नहीं था तब उसे जीवित रहने के लिए ऐसी सकारात्मक प्रतिक्रिया की आवश्यकता होती थी। जबकि आधुनिक समय में ये उत्कट इच्छाएं रक्तचाप, स्ट्रोक तथा दिल के दौरे की संभावनाएं बढ़ाने वाली हैं।

हमारी दिक्कत सिर्फ़ सैच्युरेटेड फैट नहीं है। चीज़ में ट्रांस फैट भी होता है;  मांस और डेयरी उत्पाद जो गाय, भेड़ और बकरियों से आते हैं उनमें ट्रांस फैट प्राकृतिक रूप से रहता है, यह उतना ही हानिकारक है जितना कि प्रोसेस किए गए खाद्य पदार्थ में जो फैट पाया जाता है। ट्रांस फैट हमारे स्वस्थ कोलेस्ट्रॉल को कम करके ख़राब कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है, जिससे दिल के दौरे और स्ट्रोक का जोखिम बढ़ जाता है। 

शायद सबसे अजीब घटक कैसीन है, जो चीज़ में घट्ट स्वरूप में पाया जाता है। यह मस्तिष्क के उन्हीं न्यूरोट्रांसमीटर को प्रभावित करता है जिन्हें नशीली दवाएं प्रभावित करती हैं, और वह उसी तरह मन को हल्के उल्लास से भर देता है। कुछ शोधकर्ताओं के मुताबिक यह साबित होता है कि चीज़ लत लगाने वाला पदार्थ है और इसी वजह से इतने सारे लोगों को इसे छोड़ने में मुश्किल होती है।

केल कई कारणों से एक सुपरफूड है, और यह कैल्शियम का एक बड़ा स्रोत है

क्या हमें कैल्शियम के लिए चीज़ की ज़रूरत है?

नहीं। कैल्शियम के बहुत से बेहतरीन स्रोत हैं जो बहुत ज़्यादा फैट, नमक और संभावित रूप से नशे की लत लगाने वाले तत्व के बिना भी उपलब्ध हैं । जो इस प्रकार हैं:

  • हरी पत्तेदार सब्जियाँ- खास तौर पर पालक और मेथी
  • संतरा और कीवी जैसे फल
  • अंजीर, खुबानी और खजूर जैसे सूखे मेवे
  • बीन्स और दालें- मुख्य रूप से चना, सोया, राजमा और लाल चवले
  • बीज- खास तौर पर तिल और चिया के बीज
  • बादाम और ब्राजील नट्स जैसे मेवे
  • रागी या नाचनी जैसे मिलेट
  • पौधे आधारित दूध और दही (फोर्टिफाइड)
  • टोफू (कैल्शियम-सेट टोफू)
नट्स से बने तरह तरह के वीगन चीज़ डेयरी चीज़ की तुलना में अधिक स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट होते हैं

क्या वीगन चीज़ स्वास्थ्य के लिए बेहतर होता है?

हाँ भी और नहीं भी। वीगन ठोस चीज़ में से ज़्यादातर चीज़ में सैच्युरेटेड फैट और नमक की मात्रा बहुत ज़्यादा होती है, पर वे इस तरह से हमारे लिए बेहतर हैं कि उनमें से किसी में भी कोलेस्ट्रॉल या कैसोमोर्फिन नहीं होता। मुलायम चीज़ जो काजू से बनाए जाते हैं वे स्वास्थ्यप्रद होते हैं। ये प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं और इनमें दूसरे प्रकार के चीज़ की तुलना में सैच्युरेटेड फैट और नमक की मात्रा भी कम होती है। स्वाद में भी ये लाजवाब होते हैं।

क्या वीगन चीज़ पशुओं और पृथ्वी के लिए बेहतर है?

बिल्कुल। चीज़ बनाने में दूध की ज़रूरत होती है जिसके लिए गायों को बार-बार गर्भ धारण करवाया जाता है, जिससे लगातार वे दूध देती रहें। वे बच्चे पैदा तो करती हैं लेकिन उन्हें कभी अपने बच्चों को पालने का मौका नहीं मिलता। बछड़ों को माँ से दूर कर दिया जाता है तथा उन्हें मांस या दूध के लिए पाला जाता है या फिर उन्हें क़त्ल कर दिया जाता है। जब गायों से दूध उत्पादन कम होने लगता है तो उन्हें भी मार दिया जाता है। वीगन चीज़ के लिए गाय के दूध की ज़रूरत नहीं होती है, इसलिए यह इन भले पशुओं को कोई पीड़ा नहीं पहुँचाता है।

गाय का दूध पृथ्वी के लिए भी हानिकारक है। सोया दूध के उत्पादन की तुलना में गाय के दूध का उत्पादन करने में तीन गुना ज़्यादा जलवायु-विनाशकारी उत्सर्जन होता है, तीन गुना ज़्यादा ज़मीन और 22 गुना ज़्यादा पानी का इस्तेमाल होता है और यह दस गुना ज़्यादा जल प्रदूषण के लिए ज़िम्मेदार है। पृथ्वी के हित में सबसे बेहतर अगर कोई काम हम कर सकते हैं, तो वह है डेयरी उत्पाद और मांस खाना छोड़ देना।

चीज़ की लत छुड़ाने के पाँच सुझाव

चीज़ हमारे लिए, पशुओं के लिए और पृथ्वी के लिए हानिकारक है, तो क्या अब समय नहीं आ गया है कि हम इसे दर-किनार कर दें? आप मदद चाहते हैं तो इन पाँच सुझावों को आज़माएँ।

  1. इच्छाशक्ति ही काफ़ी नहीं है, जैसा कि वज़न घटाने के लिए डाएट आज़माने वाला कोई भी व्यक्ति कहता है। लेकिन खाने के विकल्पों का क्या प्रभाव पड़ता है इस बात को सही मायने में समझकर हम अपनी सोच में बदलाव ला सकते हैं, जो खाने की हमारी तीव्र इच्छा को दूर भगाने में मदद कर सकता है। हम आपको यहीं से शुरुआत करने की सलाह देते हैं।
  2. बाज़ार में उपलब्ध कई तरह के वीगन चीज़ में से कुछ का स्वाद चखें क्योंकि ये आपको बिना किसी नकारात्मक पहलु के मनपसंद स्वाद देंगे। सभी तरह के चीज़ का स्वाद और गुणधर्म डेयरी चीज़ जैसा नहीं होता। कुछ तो बहुत अच्छी तरह से पिघल जाते हैं; कुछ पास्ता या ब्रेड के साथ लाजवाब लगते हैं। इनमें से कुछ आज़माएँ और देखें कि कौन सा आपको पसंद आता है।
  3. हर तरह के चीज़ वाले श्रेष्ठ व्यंजनों में से आपके पसंदीदा कुछ बेहतरीन व्यंजन खोज निकालिए जिन्हें विशेष रूप से वीगनाइज़ करके बनाया गया है। हमारी लाजवाब ई-बुक डाउनलोड करके शुरुआत करें, जिसमें दुनिया भर के दस बेहतरीन डेयरी-मुक्त व्यंजन हैं।
  4. एक प्रोत्साहित करने वाला वर्ग ढूंढ निकालिए। जिन वस्तुओं को हम छोड़ना चाहते हैं उन्हीं का इस्तेमाल जब हमारे आस-पास हर कोई करता है, तो हमारे लिए उन वस्तुओं को छोड़ना बहुत मुश्किल हो जाता है। इसलिए अगर आप किसी वीगन को जानते हैं तो उनसे संपर्क करके सलाह लें। अगर नहीं, तो किसी सहायक ऑनलाइन समुदाय से जुड़ें जो आपको रोज़मर्रा के जीवन में आपको डेयरी-मुक्त आहार अपनाने में मदद करेगा।
  5. खुद के प्रति नर्मी बर्ते। कुछ लोगों को जब पता चलता है कि डेयरी उत्पादों का पशुओं और पृथ्वी पर क्या प्रभाव पड़ता है तब वे अचानक ही चीज़ खाना छोड़ देते हैं; लेकिन कुछ लोग धीरे-धीरे सेवन कम करते जाते हैं क्योंकि वे डेयरी उत्पादों की जगह पौध-आधारित उत्पादों के विकल्प को अपनाना चाहते हैं। आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प वही है जो कारगर हो।

एक नई सोच से जुड़िए

साइन अप