पर्यावरण के लिए सबसे खराब चीजें क्या हैं?

यह ज़ाहिर है कि हम संकट में हैं। पृथ्वी की सतह का औसत तापमान औद्योगिक क्रांति यानि कि लगभग 200 साल पहले की तुलना में आज करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा है। यह पिछले 100,000 वर्षों में किसी भी समय की तुलना में सबसे ज़्यादा गर्म है और दुर्भाग्य से यह बदतर ही होता जा रहा है। रिकॉर्ड के मुताबिक पिछला दशक सबसे गर्म था, और आखरी चार दशकों से हर दशक, 1850 के बाद से किसी भी पिछले दशक की तुलना में सबसे ज़्यादा गर्म रहा है। बाढ़, आग और गर्मी से संबंधित मौतों में बढ़ोतरी के चलते आज यह ज़रूरी हो गया है कि हम जलवायु विघटन का कारण जाने और इसमें सुधार करने के तरीके खोजें।

प्रदूषण संकट और जैव विविधता संकट के साथ परस्पर जुड़े तीन मुख्य पर्यावरणीय संकट में से एक का ही हम सामना कर रहे हैं, जो है जलवायु संकट। अगर पृथ्वी को बचाने के सबसे अच्छे तरीकों के बारे में सोचना है तो हमें इन तीनों बातों को ध्यान में रखना होगा। आखिर पर्यावरण के सबसे बड़े अपराधी कौन हैं? और अपनी पृथ्वी को स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए हमें किन बदलावों की ज़रूरत है?

पर्यावरण के लिए सबसे खराब चीजें क्या हैं?

विमान यात्रा निश्चित रूप से जलवायु के लिए हानिकारक है। वास्तव में, विमान यात्रा सबसे ज़्यादा कार्बन उत्सर्जक गतिविधियों में से एक है लेकिन हकीकत में, यह दुनिया के कुल कार्बन उत्सर्जन का सिर्फ 2.5 प्रतिशत ही है। इसकी मात्रा कम होने का कारण यह है कि दुनिया भर में 90 प्रतिशत लोग हर साल विमान यात्रा नहीं करते, तो नुकसान उन समृद्ध लोगों की बदौलत हो रहा है जो विमान यात्रा का खर्च उठा सकते हैं। हालाँकि, जैसे-जैसे वैश्विक आय बढ़ेगी, विमान से होने वाले उत्सर्जन में भी अनिवार्य रूप से बढ़ोतरी होगी। जो लोग विमान यात्रा करते हैं वे कितनी बार और कितनी दूरी के लिए करते हैं उस पर भी निर्भर है। उनके लिए यह व्यक्तिगत कार्बन बजट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है। एक वापसी लंबी दूरी की विमान यात्रा करने पर मान लीजिए हम 1.68 टन CO2  उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार होते हैं, लेकिन वैश्विक तापमान को 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी से नीचे रखने के लिए, यह अनुमान लगाया गया है कि हममें से प्रत्येक का व्यक्तिगत वार्षिक बजट केवल 1.5 टन CO2  होना चाहिए।

क्या जीवाश्म ईंधन पर्यावरण के लिए हानिकारक हैं?

विमान यात्रा के लिए, कार चलाने के लिए, उद्योग और खेती के लिए तथा हमारे घरों को गर्म या ठंडा रखने के लिए जीवाश्म ईंधन को निकाला और जलाया जाता है जो जलवायु के लिए सबसे बुरी बात है। पृथ्वी के तापमान में वृद्धि का एवं उससे पैदा होने वाले सभी मानवीय, पर्यावरणीय और नैतिक मुद्दों को जन्म देने वाला यही मुख्य कारण है। औसत व्यक्ति द्वारा उपयोग में लाये जाने वाले जीवाश्म ईंधन की मात्रा हर देश की अलग-अलग है, जिसमें मध्य पूर्व और उत्तरी अमेरिका में प्रति व्यक्ति द्वारा सबसे ज़्यादा उत्सर्जन होता है, जबकि भारत, फिलीपींस, पाकिस्तान और बांग्लादेश में सबसे कम।

जब जलवायु परिवर्तन के लिए ज़िम्मेदार उत्सर्जकों की बात आती है तो सबसे ज़्यादा नुकसानदायक और अधिक अनुपात में उत्सर्जन करने वाले ये क्षेत्र हैं:

  1. बिजली और गर्मी 29.7%
  2. मांस, अंडे और डेयरी 14.5%
  3. परिवहन 13.7%
  4. निर्माणकार्य 12.7%

संदर्भ: विश्व संसाधन संस्थान और राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान।

इसलिए मांस, दूध और अंडो के लिए किये जाने वाले पशुपालन उद्योग से पूरे वैश्विक परिवहन तंत्र जैसे कि – विमान, रेलगाड़ियाँ, बसें, कार, ट्रक और जहाज़ की तुलना में कहीं अधिक जलवायु परिवर्तन उत्सर्जन होता है। और इस उद्योग से होने वाला नुकसान कहीं ज़्यादा है क्योंकि इसके अलावा जिन दो अन्य पर्यावरणीय संकट: प्रदूषण संकट और जैव विविधता संकट का हम सामना कर रहे हैं उन संकटों में भी पशुपालन उद्योग का कहीं ज़्यादा योगदान है।

प्रदूषण संकट

वायु प्रदूषण के कारण हर साल सत्तर लाख से अधिक लोगों की समय से पहले मृत्यु हो जाती है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, विश्वभर में बीमारी और समय से पहले मौत का सबसे बड़ा कारण वायु प्रदूषण है। गर्मी, प्रकाश, परिवहन और उद्योग के लिए जीवाश्म ईंधन का दहन एक प्रमुख कारण है- लेकिन पशुपालन उद्योग भी बेहद समस्यात्मक है। पशुपालन उद्योग के अपवाह और कचरे से 168 से अधिक गैसें निकलती हैं, जिनमें अमोनिया, हाइड्रोजन सल्फाइड और मीथेन जैसे खतरनाक रसायन शामिल हैं। जहाँ से लगभग हर तरह का खाया जानेवाला मांस आता है वैसे सघन पशुपालन उद्योग के आसपास की हवा की गुणवत्ता, अक्सर खराब होती है। एक अध्ययन से पता चलता है कि सिर्फ अमेरिका में ही ये प्रति वर्ष 17,900 मौतों के लिए ज़िम्मेदार है।

हवा प्रदूषित होने के साथ-साथ पशुपालन उद्योग से पानी भी प्रदूषित होता है, खास तौर पर नदियाँ, झीलें और समुद्र। वैश्विक महासागर और मीठे पानी के यूट्रोफिकेशन (प्रदूषित अपशिष्ट पोषक तत्वों का संग्रह जो घातक शैवाल के पनपने का कारण बनता है) का लगभग 78 प्रतिशत पशुपालन उद्योग के कारण होता है। इससे होने वाले नुकसान की वजह से, जल प्रदूषण जैव विविधता के खतरे का भी प्रमुख कारण है।

जैव विविधता संकट

1970 से अब तक 73 प्रतिशत की कमी से जंगल के प्राणिओं की आबादी में भारी गिरावट आ रही है, जिसका मुख्य कारण पूरी तरह से मानवीय गतिविधियाँ हैं। इसका मुख्य कारण पशुपालन उद्योग के लिए आवासों का विनाश है,  और ब्राज़ील के ऐमेज़ॉन में वनों की कटाई का सबसे बड़ा कारण है: पशुओं को उनके मांस, दूध और अंडो के लिए पालना। इसके पीछे की वजह यह है कि गोमांस के लिए पाली जाने वाली गायों को चरने का स्थान बनाने के लिए और दुनिया भर के पशुपालन उद्योग में भेजी जाने वाली सोया जैसी फ़सलें उगाने के लिए प्राचीन जंगलों को नष्ट किया जा रहा है। इस जैव विविधता के नष्ट होने के अन्य प्रमुख कारण भी हमारे खाने से जुड़े हैं, जिसमें पशुओं की विष्ठा से जलमार्गों को प्रदूषित करना और हर साल महासागरों से खरबों मछलियाँ पकड़ना शामिल है।

पृथ्वी के लिए हम सबसे अच्छा कौनसा काम कर सकते हैं?

हम अपने घरों को कैसे गर्म रखते हैं, कैसे यात्रा करते हैं और कितनी अनावश्यक ‘चीजें’ खरीदते हैं, इस पर विचार करते हुए जलवायु पर अपने प्रभाव को कम करने के लिए हम व्यक्तिगत रूप से बहुत कुछ कर सकते हैं।लेकिन जब आप सभी पर्यावरणीय संकट जैसे आबोहवा, वायु तथा जल प्रदूषण और वन्यजीवों की हानि पर विचार करते हैं तो एक कार्य सबसे अलग दिखता है। जिन्होंने हमारे आहार के पर्यावरणीय प्रभावों पर अब तक के सबसे बड़े अध्ययन का नेतृत्व किया था वैसे ऑक्सफर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ता इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि पृथ्वी पर आपके प्रभाव को कम करने का सबसे बड़ा तरीका है: मांस और डेयरी उत्पादों का उपयोग टालना।

पौध आधारित आहार पर्यावरण को किस तरह से मदद करता है?

पौध आधारित आहार खाने से जलवायु उत्सर्जन, जल प्रदूषण और भूमि उपयोग में 75 प्रतिशत की कमी आती है। क्योंकि इसका प्रभाव न्यूनतम होता है और मांस, अंडे तथा डेयरी उत्पादन की तुलना में इनमें बहुत कम संसाधनों की आवश्यकता होती है, इसलिए यह जलवायु का तापमान बनाये रखने में, पानी को साफ रखने में और वन्यजीवों को पनपने में मदद करता है। इन सभी कारणों से पौधे आधारित आहार को अपनाकर हम पृथ्वी के लिए सबसे अच्छा कार्य कर सकते हैं।

वीगन बनने के लिए तैयार हैं?

वीगन बनें

पहले से वीगन हैं?

सक्रिय हों