हम अक्सर पशु अधिकार कार्यकर्ताओं को सड़कों पर विरोध करते, पशुपालन उद्योगों के अंदर फिल्में बनाते या ट्रकों को रोकते हुए देखते हैं। ये सभी तरीके निश्चित रूप से जानवरों के हक के लिए लड़ने के महत्वपूर्ण प्रयास हैं, लेकिन केवल यही तरीके नहीं हैं! पशु अधिकारों के लिए संघर्ष करने के कई और भी तरीके हैं, बड़े और छोटे, जो हर व्यक्ति कर सकता है। यह काम उस वक़्त भी होता है जब हम स्थानीय पशु आश्रयों में अपनी सेवा देते हैं, या फिर अपने परिवार और दोस्तों के साथ बातचीत में जानवरों के प्रति अपने दृष्टिकोण को साझा करते हैं। ये सब महत्वपूर्ण कदम हैं और सब सक्रियतावाद हैं।
आगे बढ़ने से पहले,एक बहुत ही मूल्यवान और प्रभावी सक्रियतावाद/ एक्टिविज्म का तरीका है: वीगन बनना। जब हम अपने जीवन से सभी पशु-उत्पादों को हटा देते हैं, तो हम पशुओं के कष्ट को कम करने में एक बड़ा कदम उठाते हैं और अपने पर्यावरण की पूरी क्षमता से रक्षा करते हैं। अगर आप अभी तक वीगन नहीं हैं, और जानवरों की मदद करने के लिए कोई रास्ता तलाश रहे हैं, तो हमारा सुझाव है कि वीगन बनकर इसकी शुरुआत करें। हमें आपकी मदद करने में खुशी होगी!

पशु अभयारण्यों और आश्रयों में स्वयंसेवा करें
पशु अभयारण्य और आश्रय उन पशुओं के लिए जीवनरेखा हैं जो अत्याचार, उपेक्षा, और भुला दिए जाने का शिकार होते हैं। ये स्थान इसलिए जरूरी हैं क्योंकि पशु पालन उद्योग, पालतू जानवर उद्योग, और पशु परीक्षण जैसे व्यवसाय नियमित रूप से जानवरों को नुकसान पहुंचाते हैं। इन अभयारण्यों को अपना अद्भुत काम जारी रखने के लिए हमारी सहायता की आवश्यकता होती है।
अपने स्थानीय पशु आश्रय में हफ्ते में बस कुछ घंटे का समय देना उस आश्रय के जानवरों और लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो सकता है। आपके वक्त और साथ से पशु आश्रय के लोग एक और उपेक्षित जानवर को अपने पास रखने में सक्षम बन सकते हैं। आपका कीमती समय इतना बड़ा बदलाव ला सकता है कि वे और भी अनेक ज़रूरतमंद जानवरों के लिए अपने आश्रयों के दरवाज़े खोल पाएंगे, जो कि आपकी सहायता के बिना कर पाना मुश्किल हो सकता है। कई पशु आश्रय हर दिन अपनी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष करते हैं, और अगर हम में से अधिक लोग अपना समय देकर उनकी मदद करें, तो उनके लिए जानवरों की देखभाल जैसे आवश्यक कार्य करना थोड़ा आसान हो जाएगा।
हम उम्मीद करते हैं कि एक दिन ऐसा आएगा, जब पशु आश्रयों की आवश्यकता ही नहीं रहेगी, क्योंकि इंसान अपने स्वार्थ के लिए जानवरों का अनावश्यक प्रजनन और शोषण करना बंद कर देंगे। तब तक, ये आश्रय उन जानवरों के लिए एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा बने रहेंगे, जो जीवनभर की पीड़ा से बचाकर यहाँ लाए जाते हैं।

स्थानीय व्यवसायों का समर्थन करें जो वीगन विकल्प प्रदान करते हैं।
100% वीगन व्यवसायों का समर्थन करना सच में अद्भुत है। वे अपने क्षेत्र में अग्रणी होते हैं और अक्सर प्रचार अभियान में भी शामिल रहते हैं। लेकिन इसके साथ ही उन गैर-वीगन व्यवसायों का समर्थन करना भी महत्वपूर्ण है, जो अच्छे वीगन विकल्प प्रदान करते हैं। आखिरकार, हमारा मिशन अधिक से अधिक जानवरों की मदद करना है, और हम यह तभी कर सकते हैं जब हम अपने दायरे को बढ़ाएं। मुख्यधारा के व्यवसायों में वीगन विकल्पों की मांग पैदा करके, हम उन्हें और अधिक वीगन उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। जब ये विकल्प आसानी से उपलब्ध होते हैं, तो वे गैर-वीगन लोगों के सामने वीगन खाद्य पदार्थों को प्रस्तुत करते हैं।
स्थानीय व्यवसायों के लिए एक बहुत ही बेहतरीन सुझाव है कि वे अपने खाने-पीने के विकल्पों को ‘पहले से ही वीगन’ बना कर रखें। आमतौर पर, रेस्तरां और कैफे में मांस, अंडे और डेयरी उत्पादों को मेन्यू का मुख्य हिस्सा बनाया जाता है, और वीगन विकल्पों को अलग से जोड़ा जाता है। लेकिन हम उन्हें यह सुझाव देना चाहते हैं कि वे भोजन को पौधों पर आधारित, वीगन विकल्पों से भरपूर बनाएं, और जानवरों से प्राप्त उत्पादों को यदि कोई चाहे तो अतिरिक्त विकल्प के रूप में उपलब्ध कराएं। इस प्रारूप को अपनाने से हम वीगन विकल्पों को बढ़ावा दे सकते हैं और ग्राहकों को पौधे-आधारित खाद्य पदार्थों के माध्यम से अपने रोज़मर्रा के खाने-पीने की आदतों और चुनावों पर दोबारा सोचने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। इसके अलावा, रेस्तरां को इस बदलाव से एक और बड़ा फायदा होता है—उनका कार्बन फुटप्रिंट कम हो जाता है और अक्सर उत्पादन की लागत भी कम रहती है। इसमें सबकी जीत है।
अगर आप सच में खाने के शौकीन हैं, तो रेस्तरां से बातचीत करके उनके मेन्यू में नए वीगन विकल्पों को जोड़ने के सुझाव देना भी जानवरों की मदद करने का एक बेहतरीन तरीका है। अगर किसी रेस्तरां में पहले से ही वीगन विकल्प हैं, तो उन्हें अपने वीगन ग्राहकों से सुझाव सुनना अच्छा लगेगा, और यह आपके लिए एक मौका है कि आप अपने स्थानीय रेस्तरां के पकवानों को नया रूप देने में हिस्सा लें। हमेशा यह याद रखें कि सुझाव देते समय सहायक और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं—इससे रेस्तरां वाले आपके विचारों को अधिक खुले दिल से स्वीकार करेंगे।
कानून बनाने की पहल का समर्थन करें
जानवरों की मदद के लिए बनाए गए कानून शायद ही कभी कानून निर्माताओं तक पहुंच पाते हैं। असल में, पशुपालन उद्योग के पशुओं को राजनीति में अक्सर भुला दिया जाता है, और उनके बारे में केवल आर्थिक लाभ या खाद्य उत्पादन के संदर्भ में बात की जाती है, न कि उन्हें एक संवेदनशील, जीवंत प्राणी के रूप में देखा जाता है। और यहाँ तक कि जब जानवरों की रक्षा के लिए कानून पारित हो भी जाते हैं, तो वे अक्सर बहुत छोटे-छोटे कदम होते हैं क्योंकि मांस उद्योग से जुड़े लोग और लॉबीग्रुप उन्हें कमज़ोर करने के लिए पूरी मेहनत करते हैं। सच तो यह है कि हाल के वर्षों में दुनिया भर में, विशेषकर यूके और अमेरिका में, पशुपालन उद्योग के पशुओं के लिए बहुत कम महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। लाखों जानवर अब भी पिंजरों, क्रेट्स, कंक्रीट के बाड़ों और शेड में यातनाएं सहने को मजबूर हैं। उनके गले में जबरन नलियां डाली जाती हैं, उनकी पूंछ काट दी जाती है, और उनके बच्चों को उनसे छीनकर मार दिया जाता है। हमें अभी भी बहुत काम करना है।
इसलिए, जब जानवरों के कल्याण में सुधार या क्रूर प्रथाओं पर प्रतिबंध के संबंध में कोई कानून प्रस्तुत या प्रस्तावित किया जाता है, तो हमें इसका समर्थन करने वाली हर संभव आवाज़ की आवश्यकता होती है। अगर समर्पित पशु-कार्यकर्ताओं की आवाज़ें न होतीं, तो कैटालोनिया में बर्बर सांड-लड़ाई आज भी कानूनी होती। इसके बजाय, 1,80,000 लोगों ने सार्वजनिक रूप से इस खेल पर प्रतिबंध के लिए अपना समर्थन दिखाया और सांसदों को आश्वस्त किया कि इस प्रथा को जारी रखना एक विकल्प नहीं था। अगर ब्रिटिश कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण न होता, तो आज भी लोमड़ी, हिरण और खरगोश का शिकार कानूनी होता और जानवरों को जीवित ही निर्यात कर उनके वध के लिए भेजा जाता। अमेरिका में शार्क के पंखों का व्यापार कानूनी बना रहता, अगर पशु-कार्यकर्ताओं ने इसे खत्म करने के लिए अभियान न चलाया होता।
यहाँ कुछ वर्तमान याचिकाएं और अभियान हैं जिनके लिए आप अपनी आवाज़ दे सकते हैं:
- ऑस्ट्रेलिया में सूअरों के लिए गैस चैंबर और अन्य क्रूर कृषि प्रथाओं पर प्रतिबंध – फार्म ट्रांसपरेंसी
- पशु दुर्व्यवहार करने वालों के लिए कठोर दंड की मांग – मर्सी फॉर एनिमल्स, इंडिया
- हमेशा के लिए पशुपालन उद्योग का अंत करें – कम्पैशन इन वर्ल्ड फार्मिंग
- यूके में क्रूर फैरोइंग क्रेट्स पर प्रतिबंध लगाएं – ह्यूमन सोसाइटी इंटरनेशनल
- यूरोपीय संघ द्वारा वीगन ‘बर्गर’ पर प्रतिबंध लगाना बंद करें – प्रोवेज
- इसके अलावा, 38 डिग्री और अन्य याचिका साइटों पर भी कई याचिकाएं उपलब्ध हैं, जिनमें आप अपना समर्थन दे सकते हैं।
जेनV के न्यूज़लेटर और फार्म सैंक्चुअरी की ईमेल लिस्ट को सब्सक्राइब करें ताकि आपको ताज़ा जानकारी मिलती रहे। साथ ही, प्लांट बेस्ड न्यूज़ और जेनV जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नज़र बनाए रखें, जहां नए कानून, याचिकाएं, अभियानों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिलती हैं।
गोद लें, खरीदे नहीं
कृपया कभी भी पालतू जानवरों को न खरीदें। इन प्यारे छोटे जानवरों की बिक्री के पीछे एक बेहद अनैतिक उद्योग छिपा हुआ है, जो जानवरों को बार-बार प्रजनन के लिए मजबूर करता है, और वह भी अक्सर भयावह परिस्थितियों में। माँ जानवरों को अक्सर उनके पूरे जीवन के लिए पिंजरों में बंद कर दिया जाता है, और उनके बच्चों को इतनी कम उम्र में उनसे अलग कर दिया जाता है कि वे स्वस्थ और खुश नहीं रह पाते। इसके अलावा, जानवरों को एक विशेष रूप देने के लिए उनके शरीर के अंदर ऐसी हानिकारक शारीरिक विशेषताओं का प्रजनन किया जाता है जो उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती हैं और इससे उन्हें जीवन भर पीड़ा झेलनी पड़ सकती है। क्या जीवित प्राणियों को खरीदना और बेचना हमारी अंतरात्मा को नहीं झकझोरता? हम कैसे किसी और के जीवन का व्यापार कर सकते हैं?
पहले से ही अनगिनत उपेक्षित और त्यागे हुए जानवर हैं जिन्हें एक घर की ज़रूरत है। पालतू जानवरों के व्यापार को अक्सर फैशन और ट्रेंड्स प्रेरित करते हैं, लेकिन जब इन जानवरों की देखभाल करने की असलियत सामने आती है, तो इन्हें बड़ी संख्या में छोड़ दिया जाता है। एक पशु कार्यकर्ता के रूप में यह बहुत ज़रूरी है कि हम इस चक्र का हिस्सा न बनें, बल्कि ज़रूरतमंद जानवरों को बचाएँ। किसी आश्रय स्थल से गोद लेकर, आप किसी ज़रूरतमंद जानवर की किस्मत सीधे तौर पर बदल सकते हैं, और यह एक खूबसूरत बात है! जानवर हमारे कर्ज़दार नहीं हैं, लेकिन फिर भी वे हमें अपनी वफादारी और दोस्ती का उपहार देते हैं।
याद रखें, अगर आप किसी कुत्ते या बिल्ली को गोद ले रहे हैं और उन्हें वीगन आहार देने की योजना बना रहे हैं, तो उनके पोषण की ज़रूरतों पर विशेष ध्यान दें और उन्हें स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

स्वादिष्ट वीगन भोजन हर किसी के साथ साझा करें
यह हर किसी के लिए मज़ेदार है। स्वादिष्ट भोजन में न केवल लोगों को एक साथ लाने, बल्कि चेहरों पर मुस्कान लाने और पशुओं के जीवन को बचाने की भी शक्ति होती है। एक स्वादिष्ट वीगन भोजन यह साबित कर सकता है कि करुणा दिखाने का मतलब यह नहीं है कि हमें कोई त्याग करना पड़े या हम अपने पसंदीदा स्वाद से वंचित रहें। अगर इसे सही समय पर, सही लोगों के साथ खाया जाए तो यह किसी को वीगन बनाकर उसके जीवन की दिशा भी बदल सकता है। वीगन समुदाय में कई लोग उस पहले पौध-आधारित भोजन का ज़िक्र करते हैं, जिसने उनके दिल में यह विश्वास जगाया कि भोजन पहले जितना ही स्वादिष्ट लग सकता है बल्कि पहले से भी कई गुना ज़्यादा स्वादिष्ट हो सकता है! जब हम गैर-वीगन लोगों के लिए ऐसे अनुभव बनाने की पूरी कोशिश करते हैं, तो हम उनके लिए अधिक नैतिक विकल्पों का रास्ता खोलते हैं और उन्हें उन सौम्य बदलावों की ओर प्रेरित करते हैं जो सैकड़ों जानवरों की जान बचाएंगे।
वीगन पॉटलक्स एक बेहतरीन तरीका है जिससे सभी लोग जुड़ सकते हैं। बस याद रखें कि जिन गैर-वीगन लोगों को आप जानते हैं, उन्हें भी ज़रूर आमंत्रित करें और अगर उन्हें वीगन व्यंजनों की रेसिपी नहीं मिल रहीं तो उनकी मदद करें और आसान वीगन रेसिपी का सुझाव दें।
दूसरों के विचारों को समझने के लिए दिमाग खुला रखें और पूर्वाग्रह से बचें
हालाँकि यह मुश्किल हो सकता है, खासकर जब आपको अनभिज्ञता या अपमानजनक बातों का सामना करना पड़े, लेकिन गैर-वीगन लोगों से इन मुद्दों पर चर्चा करते समय धैर्य रखना, खुला दिमाग होना, बिना किसी आलोचना के व्यवहार करना, उनके साथ बिना किसी पूर्वाग्रह के रहना बेहद आवश्यक है। अगर लोग महसूस करते हैं कि उन्हें आंका जा रहा है, तो वे आमतौर पर न तो अपनी राय बदलते हैं और न ही आपके दृष्टिकोण पर विचार करने के लिए तैयार होते हैं। वीगन लोगों के लिए ऐसा करना हमेशा आसान नहीं होता। कई वीगन लोगों में जानवरों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का गहरा जुनून होता है, और उनके लिए बहुत चुनौतीपूर्ण हो जाता है जब दूसरे लोग उनके ही सामने पशुओं की पीड़ा और दुःख दर्द से भरी ज़िन्दगी को नज़रअंदाज़ करते हैं। हालाँकि, हममें से अधिकांश लोग भी कभी वैसा ही सोचते थे और शायद बदलाव को अपनाने के लिए तैयार नहीं थे।
यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि पशुपालन उद्योग के पशुओं और भोजन के प्रति इतनी अनभिज्ञता और उनसे जुड़ी कई गलतफहमियां मार्केटिंग और मांस उद्योग द्वारा जानबूझकर फैलाई गई गलत जानकारियों का परिणाम हैं। इसके साथ-साथ लंबे समय से चली आ रही पारिवारिक और सांस्कृतिक परंपराएं और धार्मिक विश्वास भी बदलाव के प्रति एक महत्वपूर्ण बाधा बन सकते हैं। केवल इसलिए कि हम मांस उद्योग के प्रचार एवं अभियानों की सच्चाई को देख पाए हैं और अपने नए आहार विकल्पों में अपनी परंपराओं और विश्वासों को शामिल करने का तरीका ढूंढ पाए हैं, हमें यह भी समझना चाहिए कि यह एक लंबी यात्रा है। इसकी शुरुआत तब होती है जब कोई मन में पशुओं के प्रति करुणा का बीज बोता है और समर्थन और प्रोत्साहन दिखाता है।
वीगन बनें!
हम एक बार फिर कहेंगे… वीगन बनना पशुओं के लिए अब तक की सबसे प्रभावी चीज है जो हम कर सकते हैं। अगर आप सिर्फ एक बदलाव कर सकते हैं, तो यहीं से शुरुआत करें! हमारे 7 या 30 दिन के कोर्स आपकी इस यात्रा की शुरुआत में आपकी मदद कर सकते हैं।
निष्कर्ष
जानवरों के प्रति समर्थन दिखाने और उनकी आवाज़ बनने के लिए हम कई कदम उठा सकते हैं। सबसे गहरा और महत्वपूर्ण कदम यह है कि हम उन उद्योगों को अपना समर्थन देना बंद कर दें जो जानबूझकर पशुओं को नुकसान पहुंचाते हैं। हम सुझाव देंगे कि शुरुआत अपने भोजन से करें और फिर धीरे-धीरे अन्य क्षेत्रों में इस बदलाव को शामिल करें।
अंततः, जब हम पशुओं की पीड़ा को समाप्त करने के अभियानों में शामिल होते हैं, तो यह महत्वपूर्ण है कि हम अपनी देखभाल करना न भूलें। एक कार्यकर्ता होना बेहद संतोषजनक हो सकता है, लेकिन यह भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है। ऐसे लोगों के साथ रहें जिनकी सोच आपके जैसी हो, चाहे व्यक्तिगत रूप से हों या ऑनलाइन, और अपने लिए भी समय निकालें। बचाए गए जानवरों के साथ समय बिताना सबसे सुकून भरा अनुभव हो सकता है।