सीलिएक रोग और वीगनवाद

Sales Assistant In Bakery Putting Gluten Free Label Into Freshly Baked Baked Sourdough Loaves Of Bread
Sales Assistant In Bakery Putting Gluten Free Label Into Freshly Baked Baked Sourdough Loaves Of Bread

सीलिएक रोग क्या है?

सीलिएक रोग एक ऐसी स्थिति है जिसमें ग्लूटेन खाने से व्यक्ति की प्रतिरक्षा प्रणाली अपने ही ऊतकों पर हमला करने लगती है। इससे उनकी आंत की परत को नुकसान पहुंचता है और पोषक तत्वों को ठीक से अवशोषित करने की उनके शरीर की क्षमता कम हो जाती है। अमेरिका में लगभग एक प्रतिशत आबादी को यह स्थिति है, जिसके लक्षण अविश्वसनीय रूप से दुर्बल करने वाले हैं। इनमें दस्त, सूजन, पेट दर्द, अनजाने में वजन कम होना और थकान शामिल हैं।

क्या सीलिएक रोग ग्लूटेन असहिष्णुता के समान है?

नहीं, सीलिएक रोग एक ऑटोइम्यून स्थिति है, जबकि ग्लूटेन असहिष्णुता ग्लूटेन के प्रति संवेदनशीलता है। हालाँकि इन दोनों के लक्षण बहुत समान हो सकते हैं, अमेरिका की आबादी के लगभग छह प्रतिशत लोग ग्लूटेन असहिष्णु हैं जो कि सीलिएक रोग से पीड़ित लोगों की तुलना में अधिक आबादी है।

क्या सीलिएक रोग ठीक हो सकता है? 

सीलिएक रोग का कोई इलाज नहीं है, लेकिन इसे आहार के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है, जिसका विशेष अर्थ है ग्लूटेन से परहेज करना।

किन खाद्य पदार्थों में ग्लूटेन होता है?

ग्लूटेन एक प्रोटीन है जो तीन प्रकार के अनाजों में पाया जाता है: गेहूं, राई और जौ। सीलिएक रोग से पीड़ित लोगों को इन अनाजों से बनी किसी भी चीज़ से बचना चाहिए। इसका मतलब है निम्नलिखित चीजों से बचना: 

  • इन अनाजों के आटे से बनी ब्रेड, केक और अन्य बेक की गई चीज़ें 
  • गेहूं से बना पास्ता
  • कई डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ जैसे सीरियल्स, बिस्कुट
  • कुछ सॉस और मसालों सहित कई सुविधाजनक खाद्य पदार्थ
  • बियर
  • जई ग्लूटेन-मुक्त होते हैं लेकिन मिलिंग प्रक्रिया के दौरान अक्सर गेहूं, राई या जौ के ग्लूटेन से दूषित हो जाते हैं।

वीगनवाद क्या है?

वीगनवाद किसी भी ऐसे उत्पाद से परहेज है जो जानवरों को शोषण और उन्हें नुकसान पहुंचाकर बनता है। इसका मतलब है: वीगन लोग मांस, मछली, डेयरी उत्पाद (दूध, पनीर, दही, क्रीम, आइसक्रीम), अंडे, और शहद, साथ ही कोई भी ऐसे उत्पाद नहीं खाते हैं जिसमें जानवरों से बनी सामग्रियां शामिल हैं। इसके बजाय वीगन लोग वनस्पति-आधारित भोजन खाते हैं जिसमें: सब्जियाँ, फल, फलियाँ, दालें, हर्ब्स, सलाद, मेवे और बीज, साथ ही उनसे बने सभी उत्पाद। कई वीगन उत्पाद – जैसे वीगन बर्गर, सॉसेज, फ्राइड चिकन, नगेट्स, मेयोनेज़, आइसक्रीम और चीज़ – ये सभी पौधों से बने होते हैं और पशु-आधारित भोजन की तरह ही दीखते हैं एवं स्वाद में भी बिल्कुल उनकी तरह ही होते हैं, इससे पता चलता है कि पौधे कितने अद्भुत होते हैं और कोई भीं रूप धारण कर लेते हैं।

लोग वीगन क्यों बनते हैं?

ऐसे बहुत से कारण हैं जिनकी वजह से लोग वीगन बनना चुनते हैं। कई लोगों के लिए, जानवरों का शोषण एक न्याय का मुद्दा है, और वे ऐसा खाना नहीं खाएंगे जिससे दूसरों की जान चली जाए। अन्य लोग जलवायु परिवर्तन, जल और वायु प्रदूषण, वनों की कटाई, जंगली प्रजातियों की हानि, सुपोषण और महासागरीय मृत क्षेत्रों के संदर्भ में पशुपालन उद्योग से हमारी पृथ्वी को होने वाले गहरे नुकसान को पहचानते हैं। वे पृथ्वी की रक्षा के लिए इस लापरवाह और विनाशकारी उद्योग का बहिष्कार करते हैं। और कुछ लोग अपने स्वास्थ्य के लिए पौधे-आधारित आहार खाना चुनते हैं, क्योंकि सभी प्रसंस्कृत मांस कैंसर का कारण बनते हैं, लाल मांस ‘संभवतः कैंसरकारी’ होते हैं, डेयरी कैंसर के खतरे को बढ़ाता है और कई पशु उत्पादों में हृदय को नुकसान पहुंचाने वाली संतृप्त वसा होती है। दूसरी ओर, वीगन लोग हृदय रोग, मधुमेह और कुछ कैंसर से कम पीड़ित होते हैं। निस्संदेह, हममें से बहुत से लोग इन सभी कारणों से वीगन हैं!

क्या आप सीलिएक रोग के साथ वीगन बन सकते हैं?

आप ऐसा कर सकते हैं, लेकिन सीलिएक रोग के साथ केवल वीगन बनना ही काफी नहीं है, आपको निश्चित रूप से एक अच्छी योजना बनाने की आवश्यकता होती है। चूँकि पशु उत्पाद और ग्लूटेन दोनों कई खाद्य पदार्थों में मिले हुए होते हैं, इसीलिए सीलिएक रोग से पीड़ित कोई व्यक्ति जब वीगन बन जाता है, तो उन्हें अपने लिए ज़रूरी उपलब्ध ब्रांड या उत्पाद काफ़ी कम मात्रा में मिलते हैं।

अगर हम खाना पकाने में सक्षम हैं, तो हमारे लिए चीजें आसान हो जाती हैं। इसी तरह, यदि हमारे स्थानीय स्टोर में ग्लूटेन-मुक्त उत्पाद उपलब्ध हैं, तो हमें बहुत से वीगन उत्पाद भी मिलने की संभावना है। आख़िरकार, बहुत सारे ब्रांड लोगों की ज़रूरतों के अनुरूप ऐसे उत्पाद बनाने की आवश्यकता को पहचानते हैं, और इसलिए वे ग्लूटेन-मुक्त आइटम बनाते हैं जो वीगन भी होते हैं।

अधिकांश लोगों को लगता है कि इस प्रक्रिया को अपनाने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन ऐसे कई वीगन लोग हैं जिन्हें सीलिएक रोग है और वह यह साबित करते हैं कि वीगन बनना पूरी तरह से संभव है।

सीलिएक रोग के साथ वीगन बनने के लिए युक्तियाँ

1. धैर्यपूर्वक सामान को चुनें

हममें से अधिकांश लोग ज्यादातर दिनों में कुछ सुविधाजनक खाद्य पदार्थों पर निर्भर रहते हैं, इसलिए ब्रेड, पास्ता और नाश्ते के सीरियल्स जैसे मुख्य खाने के आइटम खोजने के लिए थोड़ा समय निकालें जो पदार्थ वीगन और ग्लूटेन-मुक्त दोनों हैं। जई के दूध के बजाय सोया दूध चुनें (जब तक कि आपको ग्लूटेन-मुक्त जई का दूध न मिल जाए) और यह जानने के लिए कि कौन से उत्पाद आपके लिए काम करेंगे, उत्पादों के पीछे लिख लेबल पढ़ने में कुछ समय व्यतीत करें। ऐसा करना तब सबसे अच्छा है जब आप जल्दबाजी नहीं कर रहे हों, और जब आप पहले से ही भूखे और थके हुए न हों।

2. खाना पकाना अपनाएं

यदि आपके पास शुरुआत से खाना पकाने का समय है, तो आप अपने द्वारा ग्रहण की जाने वाली सामग्री को बेहतर ढंग से नियंत्रित कर सकते हैं। आपको पता चल जाएगा कि आपके नाश्ते के लिए जो पैनकेक हैं, वे कुट्टू या ज्वार के आटे से बने हैं, या रात के खाने के लिए आप जो स्टू पका रहे हैं, वह पीनट बटर या चावल का आटा से गाढ़ा किया गया है, न कि ग्लूटेन-दूषित कॉर्न फ्लौर से। बड़ी मात्रा में खाना पकाने और उस भोजन को फ्रिज में संग्रहीत करने से खाना पकाने के तनाव से कुछ राहत मिल सकती है और इसका मतलब है कि आपको हर दिन बहुत अधिक खाना बनाने के लिए समय निकालने की आवश्यकता नहीं है।

3. अपने तरह के लोगों से जुड़ें

निश्चिंत रहें, सीलिएक रोग से पीड़ित आप अकेले वीगन नहीं हैं, इसलिए ऑनलाइन समूहों में शामिल हों जहां आप दूसरों से जुड़ सकते हैं। वहां, आपको प्रचुर अनुभव और ज्ञान मिलेगा, और बहुत से लोग मिलेंगे जो आपको उत्पाद, टिप्स और सलाह सुझा सकते हैं।

4. कुछ भोजन संबंधी प्रेरणा प्राप्त करें

इसमें कोई संदेह नहीं है कि सीलिएक रोग के साथ वीगन होना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन यदि आपको कोई ऐसा खाद्य चैनल या व्यंजन निर्माता मिल जाए जो आपको पसंद हो, तो वे कई बार भोजन के समय का तनाव दूर कर सकते हैं। शुरुआत करने के लिए इन व्यंजन साइटों को आज़माएँ:  ईट प्लांट-बेस्ड, रिबेल रेसिपीज़ और द सिंपल वेगनिस्टा

5. पहले से नाश्ता उपलब्ध रखें

जब हम भूखे होते हैं तो हम सभी गलत निर्णय लेने की संभावना रखते हैं। अगर कोई भी चीज़ हमारे पेट की भूख की गड़गड़ाहट बंद कर दे तो हम फटाफट से उसको खरीद लेंगे, भले ही वह कुछ क्षण बाद हमें बीमार महसूस कराये या उसे खरीद कर हमें दुःख हो। ग्लूटेन-मुक्त वीगन उत्पाद पहले से ही अपने पास रखें ताकि भूख लगने पर आप आसानी से उन्हें खा सकें।

6. आगे की योजना बनाएं

यदि आप जानते हैं कि आपका सप्ताह व्यस्त रहने वाला है, तो तैयारी के लिए कुछ समय निकालें। क्या आप सुनिश्चित कर सकते हैं कि आपका फ़्रीज़र भोजन से भरा हुआ हो? यदि आप यात्रा करने जा रहे हैं, तो क्या आप अपने साथ ले जाने के लिए स्नैक्स (नाश्ते) का एक बैग पैक कर सकते हैं? और यात्रा करने से पहले, कुछ समय निकालकर ऐसे रेस्तरां खोजें जहां आपको अच्छा भोजन मिलेगा। शाकाहारी और वीगन रेस्तरां अक्सर सूचीबद्ध करते हैं कि कौन से विकल्प ग्लूटेन-मुक्त हैं, जिससे ये बाहर खाने के लिए एक बढ़िया विकल्प बन जाते हैं। अपने निकटतम वीगन स्टोर या रेस्तरां को खोजने के लिए हैप्पी काऊ ऐप या वेबसाइट देखें।

7. प्रचुरता पर ध्यान दें!

उन चीज़ों पर ध्यान केंद्रित करना आसान है जिन्हें हम नहीं खा सकते हैं, लेकिन अगर हम अपनी ऊर्जा और ध्यान उन सभी चीज़ों पर केंद्रित करें जिन्हें हम खा सकते हैं, तो हम खुशी और संतुष्टि पा सकते हैं।(और क्या यह बात जीवन के कई क्षेत्रों के लिए सच नहीं है, और सिर्फ भोजन के बारे में नहीं?!) अक्सर, हम खुद को उन्हीं आजमाए हुए भोजन या खाद्य पदार्थों तक ही सीमित रखते हैं, लेकिन अगर हम तलाश करें तो हमारे लिए और भी बहुत कुछ उपलब्ध है। नई चीज़ें आज़माने से न डरें।

8. मीठा खाना संभव है

ऐसे कई बेकर्स हैं जो अनुरोध पर ग्लूटेन-मुक्त केक बनाते हैं। यदि यह आपके बजट में बैठता है तो आप कभी-कभार जन्मदिन या विशेष अवसरों पर इनका आनंद ले सकते हैं। यदि वह आपके लिए उपलब्ध नहीं है, तो कुछ पारंपरिक मीठे व्यंजनों का पता लगाएं जो कुदरती रूप से ग्लूटेन-मुक्त हैं और उन्हें अपने लिए बनाएं।

9. अपने प्रति दयालु बनें

नए और अनुभवी वीगन दोनों गलतियाँ करते हैं, और जब आपको ग्लूटेन-मुक्त आहार की आवश्यकता होती है, तो चूकने की संभावना बढ़ सकती है। यदि आप कोई ऐसी चीज़ खाते हैं जिसमें पशु उत्पाद शामिल हैं, या तो गलती से या क्योंकि आपको कुछ और नहीं मिला, तो अपने आप को कोसें नहीं। हम एक आदर्श दुनिया में नहीं रहते हैं।

यदि हम एक आदर्श दुनिया में रहते तो हमारे लिए यह सुनिश्चित करना आसान होता कि हमारे पास चुनने के लिए बहुत सारे किफायती, स्वादिष्ट, पौष्टिक, पौधों पर आधारित, ग्लूटेन-मुक्त खाद्य पदार्थ आसानी से उपलब्ध हों। हकीकत तो यह है कि हमारे आसपास जो कुछ भी बिक रहा है, हमें उसमें से ही चुनना होगा। इसलिए, यदि आपका दिन खराब हो, तो अपने प्रति दयालु बनें। और इसे हार मानने का कारण न बनने दें।


भारतीय भोजन के बारे में एक नोट:

कई पारंपरिक भारतीय व्यंजन स्वचालित रूप से ग्लूटेन-मुक्त और वीगन हैं। ज्वार, बाजरा, राजगिरा जैसे आटे या चावल और मक्का जैसे अन्य आटे में ग्लूटेन नहीं होता है। स्थानीय रूप से उपलब्ध विकल्पों का उपयोग करना आपके स्वास्थ्य और आपके बजट के लिए हमेशा बेहतर होता है।

अधिक जानकारी के लिए, प्लांटडाइटिटियनरोज़ी, एक पोषण विशेषज्ञ से संपर्क करें, जो एक दशक से वीगन है और बचपन में ही उसे अपने सीलिएक रोग का पता चला था। और वीगनसीलिएक, को फॉलो करें जो बहुत सारे स्वादिष्ट वीगन, ग्लूटेन-मुक्त खाद्य पदार्थ पेश करती हैं।

वीगन बनने के लिए तैयार हैं?

वीगन बनें

पहले से वीगन हैं?

सक्रिय हों